शुक्रवार, 17 दिसंबर 2021

महाराजा विक्रमादित्य औऱ अयोध्या

 विक्रमादित्य ने कराया था विलुप्त हो चुके  श्रीराम जन्म मंदिर पुनर्निर्माण

                अजय खेमरिया

           


    भारतीय समाज के कम ही लोगों को पता है कि महाराज विक्रमादित्य ने भी बाबा महाकाल मंदिर की शोभा बढ़ाने के साथ साथ लोप हो चुकी अयोध्या की फिर से खोज करने तथा श्री राम जन्म मंदिर के पुनर्निर्माण कराने का महती कारज भी किया था। आज से कोई 2078 बरस पहले, जिसे बाबर के सेनापति मीर बांकी ने 1528 में ध्वस्त किया था और जिस पर अब भव्य राम मंदिर का पुनर्निर्माण हो रहा है। साथ ही अयोध्या में 240 नये मंदिरों का तथा 60 प्राचीन मंदिरों के निर्माण का श्रेय भी महाराजा विक्रमादित्य को जाता है। यह कोई कपोल कल्पित बात नहीं है, बल्कि सर्वोच्च न्यायालय में दी गयी तथ्यात्मक दलील का भाग है जिसे न्यायालय द्वारा मान्यता दी गयी है. इसका विस्तार से उल्लेख गीता प्रेस, गोरखपुर द्वारा प्रकाशित पुस्तक ‘अयोध्या दर्शन’ में भी मिलता है।

                उल्लेखनीय है कि श्रीरामजन्मभूमि पक्ष की ओर से कहा गया था कि उस स्थान पर महाराजा विक्रमादित्य के समय से एक मंदिर था जिसके कुछ हिस्से को बाबर की सेना के कमांडर मीर बांकी ने नष्ट किया था और मस्जिद बनाने का प्रयास किया था। उसने उसी मंदिर के खम्भे आदि इस्तेमाल किये। ये खम्भे काले कसौटी पत्थर के थे और उन पर हिन्दू देवी-देवताओं की आकृतियां खुदी हुई थी। इस निर्माण कार्य का बहुत विरोध हुआ और हिन्दुओं ने कई बार लड़ाईयां लड़ीं जिसमें लोगों की जानें भी गई। अंतिम लड़ाई 1855 में लड़ी गयी थी। इस सबके कारण वहां मस्जिद की मीनार कभी नहीं बन सकी और वुजू के लिए पानी का प्रबंध भी कभी ना हो सका।

                सुप्रसिद्ध जर्मन विद्वान मैक्समूलर ने भी श्री नागेश्वरनाथ मंदिर के प्रति अपने विचार प्रकट करते हुए लिखा है कि- ‘इस मंदिर पर नामालूम कितनी आंधियां और भयंकर तूफान आए परंतु यह सबको बर्दाश्त करता हुआ अपने स्थान पर अडिग और अचल खड़ा है।’ महाराज विक्रमादित्य ने जब अयोध्या की पुनः खोज की तो सबसे पहले इसी स्थान का पता लगा। जनश्रुति के अनुसार महाकवि कालिदास को ‘स्त्रीयोनि’ में जन्म लेने का श्राप यहीं से मिला था। डाउसन के अनुसार महाराजा विक्रमादित्य ने 240 नये मंदिर बनवाये और 60 का जीर्णोद्धार किया।

                शुभशील के पंचशती बोध में महाराजा विक्रमादित्य द्वारा अयोध्या में उत्खनन करके चर्मकार स्त्री की स्वर्णजरी की जूतियां अन्वेषण की कथा है। अयोध्या दर्शन (गीता प्रेस, गोरखपुर, पृष्ठ 98-99) के अनुसार महाराजा विक्रमादित्य द्वारा निर्मित  प्राचीन मंदिरों मेंayod हैं-

1. श्रीरामजन्म भूमि मंदिर :

                श्रीराम जन्म स्थान पर कसौटी पत्थर के 84 स्तंभों और सात कलशों वाला मंदिर महाराजा विक्रमादित्य ने बनवाया था। जिसे 1528 ई. में मुगल बादशाह बाबर के सेनापति मीरबांकी ने ध्वस्त कर दिया था। भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण विभाग द्वारा किये गये उत्खनन में वहां हिन्दू देवी-देवताओं की मूर्तियां, प्रतीक और स्तंभ प्राप्त हुए हैं जिसके आधार पर वहां एक भव्य मंदिर था, इस बात की पुष्टि हुई है।

2. कनक भवन :

                अयोध्या राजवंश के पराभव के बाद कनक भवन भी जर्जर होकर ढह गया। सोने का यह महल माता कैकेयी ने सीताजी को मुंह दिखाई में दिया था। यह श्रीराम-जानकी का विहारस्थल है।  महाराजा विक्रमादित्य ने 57 ई.पू. में कनक भवन पुनःनिर्मित कराया। उसे लगभग 11वीं शती ई. में यवनों ने ध्वस्त कर दिया। वर्तमान कनक भवन का निर्माण ओरछा नरेश सवाई महेन्द्र श्रीप्रतापसिंह की धर्मपत्नी महारानी वृषभानुकुंवरि द्वारा सन् 1891ई. में करवाया।

3. रत्नसिंहासन मंदिर :

                जन्मस्थान के पास रत्नमंडप ही रत्नसिंहासन मंदिर है। यहां भगवान श्रीराम का राज्याभिषेक हुआ था। कनक भवन के निकट दक्षिण में है। यहां विक्रमादित्यकालीन तीन मूर्तियां हैं। दुर्र्भाग्य से यह स्थान अपनी स्वतंत्र पहचान खोता जा रहा है।

4. लक्ष्मण मंदिर, सहस्त्रधारा तीर्थ  :

                सहस्त्रधारा तीर्थ (लक्ष्मण घाट पर) लक्ष्मणजी के शरीर छोड़ने के स्थान पर यह मंदिर है। यहां रामांज्ञा से श्री लक्ष्मणजी शरीर छोड़कर परमधाम पधारे थे। यहां मंदिर में शेषावतार लक्ष्मणजी की 5 फुट ऊंची चतुर्भुज मूर्ति है। यह मूर्ति सामने कुंड में पायी गयी थी। लक्ष्मण घाट पर यह मंदिर लक्ष्मणकिला के निकट स्थित है। नागपंचमी एवं पूरे वैशाख मास में यहां विशेष भीड़ रहती है।

5. बड़ी देवकाली (शीतलादेवी दुर्गाकुण्ड पर)ः

                इन्हें भगवान श्रीरामचंद्रजी की कुलदेवी कहा जाता है। द्वापर युग में सूर्यवंशी महाराज सुदर्शन द्वारा यहां एक मंदिर की स्थापना की गई। कालांतर में  महाराजा विक्रमादित्य ने शालग्राम शिलामय की त्रिदेवियों की स्थापना की गयी। यहां एक ही शिला में महाकाली, महालक्ष्मी एवं महासरस्वती शक्तियंत्र सहित अंकित है। अयोध्या के इस आदिशक्तिपीठ पर आज भी अयोध्यावासी बड़ी श्रद्धा रखते हैं। यहां एक जल से परिपूर्ण सरोवर (कंुड) भी है। 2002ई. में मंदिर एवं सरोवर का जीर्णोद्धार किया गया है। यह फैजाबाद चौक से आग्नेय (दक्षिण पूर्व) कोण में स्थित है।

6. छोटी देवकाली गिरिजा (ईशान देवी) नामक प्रसिद्ध  मंदिर है। इस विग्रह की स्थापना त्रेतायुग में श्रीसीताजी द्वारा की गई थी जिसे वे अपने साथ जनकपुर से लायी थीं। यह स्थान मत्तगजेन्द्र चौराहे के पास सप्तसागर के निकट अयोध्या में ही है। (पृष्ठ-98-99)  

                वर्ष 2019 को उच्चतम न्यायालय का फैसला प्रकट हुआ। तद्नुसार श्रीरामजन्म भूमि पक्ष की ओर से कहा गया था कि उस स्थान पर महाराजा विक्रमादित्य के समय से एक मंदिर था। (पृष्ठ-81)   

                उज्जयिनी के सम्राट विक्रमादित्य ने इसकी खोज कर इस (अयोध्या) को पुनः बसाया।(पृष्ठ-92)  

                  महाराजा विक्रमादित्य ने अयोध्या की पुनः खोज की तो सर्वप्रथम नागेश्वर मंदिर मिला। (पृष्ठ-75)

                एक कथानुसार महाकवि कालिदास को स्त्री योनि में जन्म लेने का श्राप यहीं से मिला था। (पृष्ठ-45-46)     

                डॉ. श्रीराम अवतार ‘श्रीराम जन्मभूमि : अयोध्या का इतिहास मे’ लिखते हैं कि सात मोक्षदायिनी नगरियों में प्रथम नगरी अयोध्या सतयुग में महाराज मनु ने बसायी थी। सरयू नदी के किनारे बसी यह नगरी 12 योजन (144 किलोमीटर) लम्बी तथा 3 योजन (36 किलोमीटर) चौड़ी थी। चक्रवर्ती सम्राट दशरथजी ने इसे विशेष रूप से बसाया था। इसमें सभी प्रकार के बाजार थे। तथा इसकी रक्षा खाइयों, किवाड़ों, और शताध्रियों से होती थी। महाराज इक्ष्वाकु, अनरण्य, मान्धाता, प्रसेनजित, भरत, सगर, अंशुमान, दिलीप, भगीरथ, ककुत्थ्य, रघु, अम्बरीष जैसे सम्राटों की यह राजधानी रही। श्रीरामजी की आज्ञा से इसके प्रधान देवता हनुमानजी हैं।

                वे आगे लिखते हैं कि श्रीराम के परमधाम पधारने पर यह नगरी जनशून्य हो गई थी। तब महाराज कुश ने इसे पुनः बसाया था। यह पावन नगरी जब पुनः लुप्त हो गई तब लगभग 2500 वर्ष पूर्व उज्जयिनी के सम्राट विक्रमादित्य ने इसकी खोज कर इसे पुनः बसाया था। 1525 ई. में बाबर के मीर बांकी ने यहां के श्रीराम जन्मभूमि मंदिर को ध्वस्त कर दिया था। श्रीराम जन्मभूमि  मंदिर की रक्षा के लिए संघर्ष का इतिहास काफी लम्बा है।

                लेखक के अनुसार बाबर के पुत्र हुमायूं के शासनकाल में  हसवर के स्वर्गीय राजा रणविजयसिंह की महारानी जयकुमारी ने तीस हजार स्त्री सैनिकों के साथ मंदिर पर पुनः अधिकार प्राप्त कर लिया था। उनके गुरु स्वामी रामेश्वरानंद ने हिन्दू-जागरण किया। किन्तु तीसरे दिन हुमायूं की सेना आ गयी और पुनः मुसलमानों का कब्जा हुआ। अकबर के समय में हिन्दुओं ने बीस बार आक्रमण किये किन्तु उन्नीस बार असफल रहे। 20वीं बार रानी और उनके गुरु बलिदान हो गये। किन्तु हिन्दुओं ने चबूतरे पर कब्जा कर राम मंदिर बनाया।

                जहांगीर एवं शाहजहां के समय में शांति रही। औरंगजेब ने जांबाज के नेतृत्व में सेना भेजी, पर स्वामी वैष्णवदास के दस हजार चिमटाधारी साधुओं ने रेलवे के सोहावल स्टेशन के निकट अपना पड़ाव डाला था। खिलजी के आक्रमण से मंदिर का बाहरी भाग तो ध्वस्त हो गया किन्तु जब मुख्य भाग पर उसने आक्रमण किया, उस  समय स्थानीय जनता ने ठाकुर परशुरामसिंह था श्री गणराजसिंह के नेतृत्व में आक्रमणकारियों से डटकर लोहा लिया। अंत में आताताइयों को बुरी तरह से यहां हारना पड़ा। तीसरा बड़ा आक्रमण इस मंदिर पर औरंगजेब का हुआ। उसने नागेश्वर मंदिर के निकटस्थ अहिल्याबाई घाट पर स्थिति श्रीत्रेतानाथ के मंदिर को ध्वस्त कर उस स्थान पर विशाल मस्जिद खड़ी कर दी, जो आज भी टूटी-फूटी अवस्था में खड़ी है।

                इस संबंध में हैमिल्टन नामक विद्वान ने अपनी  पुस्तक ‘वॉकिंग ऑफ द वर्ल्ड’ में लिखा है-‘मुसलमानी शासनकाल में अयोध्या के प्रसिद्ध नागेश्वरनाथ के मंदिर को गिरवाकर वहां मस्जिद खड़ी करने के विचार से दो बार आक्रमण किये गये, मगर वे नाकामयाब रहे।’

                अयोध्या के इस अत्यंत प्राचीन शिव मंदिर के सम्बन्ध में पाश्चात्य इतिहासकारों ने, जिनमें उल्लेखनीय है- रैमिन्टन, कर्निंघम, जार्ज विलियम रेनॉल्ड्स, विसेंट स्मिथ, मैक्स मूलर, बेवर, लूथर, वूलर, हण्ट, सिटनी, ह्रिटमैन, बिल्फ्रेड, एच. इलियेट, सर जॉन फ्रांकिक तथा इनके अतिरिक्त भारतीय विद्वान श्री भांडारकर प्रभृति ने बहुमूल्य ऐतिहासिक तथ्य, संस्मरण एवं जानकारीपूर्ण उद्गार प्रस्तुत किये हैं। जिनसे नागेश्वरनाथ मंदिर के इतिहास एवं गौरवशाली अतीत पर पर्याप्त प्रकाश पड़ता है।


 

गुरुवार, 16 दिसंबर 2021

राम चंदर उर्फ़ जुगनू शारदेय / अनिल कुमार चंचल

 एहसास / अनिल कुमार चंचल 


राम चंदर  उर्फ़ जुगनू शारदेय  

गुमनामी के अंधरो में खो गया एक तीक्ष्ण प्रतिभाशाली पत्रकार लेखक ,समीक्षक", जुगनू शारदेय"


( जुगनू जी के बाल सखा  अनिल जी फिलहाल मुंबई में हैं औऱ मेरे अनुरोध पर उनका यह संस्मरण  जस का तस पेश हैं )

     कल्ह ही मेरे भांजे अनामी शरण बबल ने ,शारदेय के दुःखद मौत की सूचना से सम्बंधित वरिष्ठ पत्रकार ने अपने ब्लॉग में अपने उदगार लिखा था और कई टिप्पणियों से जुगनू शारदेय का पुनः एक नए व्यक्त्व का परिचय मिली ।

    हम जिसे बच्चपन का दोस्त सिर्फ रामचन्दर के नाम से ज्यादा परिचित थे ,जिसे नाट्य संगीत के साथ लेखन में विशेष रुचि थी ।

   बिहार औरंगाबाद शहर के शाहपुर के संकरी गली में रहता था।प्रिय दोस्तो में प्रिय भी था,उनदिनों बच्चपन के बालपन और चुहलबाजी में अव्वल ।

   पटना हमारी मुलाकात ,जहाँ तक मुझे स्मरण है 1983-85 ,में हुई और हमने खुल कर एक दूसरे से हर पहलू पर बात भी ।उनदिनों वे पूरी सक्रियता से अपने लेखन और पत्रकारिता के साथ ,समाजवादी बड़े नेताओं के साथ रहकर समाजसेवा की बात हमे सुनाया ।

 हमारे आपसी विचार हमेशा मिलतें रहे,इसी कारण प्रिय दोस्त भी थे ।

  बृद्धा आश्रम में मौत की जानकारी सुनकर, हमें भी दुःख के साथ बहुत अफसोस हुआ ।

 क्या उसके परिवार में कोई नहीं था?

 बहरहाल जुगनू शारदेय उर्फ रामचन्दर को मेरा शत शत नमन😢

2




संजय जी 

मुझे जुगनू शारदेय की मृत्यु की दुःखद जानकारी मेरा भांजे जो दिल्ली में करीब 45 बरसों से पत्रकारिता से जुड़ा हैं और कई दैनिक का सम्पादक रह चुका है।

राजनीतिक कार्यकर्ताओं का यही प्रायः  हाल होते हमने देखा और अनुभव किया ,चुकी हम भी लोहियावादी विचारधारा और अपने समय के बहुत सारे नेतृत्वकर्ता नेता के साथ सक्रिय भूमिका में उनके साथ रहा ,विशेषकर स्व पूरन चंद ,स्व जोरावर राम ,स्व मोहन सिंह, विनोद नारायण दीक्षित ,लाल हेमेंद्र प्रताप देहाती ,ये सभी पलामू के विधायक और कालांतर में बिहार मंत्रिमंडल में स्व रामसुन्दर दास के मुख्यमंत्री अवधि में माननीय मंत्री भी पूरन जी,जोरावर जी रहें ।

   कुछ कार्यकर्ता ऐसे भी देखे जिन्होंने अपनी निजी फायदे नुकसान नही देखते हुए,सिर्फ अपने नेताओं पर भरोसा किया और वे अपने निजी परिवारिक जीवन मे ,जुगनू की तरह ही जुगनू बन कर रह गए ,यदपि यदि अपनी फायदे के लिए सोंचा होता तो राजनीति सेवा के साथ कमाई,भी कर सकता था ।


  मैं वक़्त के पहले ही इस राजनीति की फ़ितरत को परख कर ही दलीय प्रतिबद्धता से बहुत दूर ,अपने रोजी रोटी तथा परिवार पालन में 1975 से संलग्न हो गया । ना किसी के आगे और ना किसी के पीछे ।

    जुगनू शारदेय मेरा जिगरी दोस्त था,और औरंगाबाद के ही शाहपुर मुहल्ले पे परिवार सहित थे ।पुकारू नाम राम चन्दर और हम इसी नाम के जानते भी रहें ।

  जुगनू शारदेय को मेरा नमन😢


बुधवार, 15 दिसंबर 2021

19 दिसंबर को विश्व कायस्थ महासम्मेलन से कायस्थ फूकेंगे बिगुल : राजीव रंजन

 राष्ट्रीय - अंतरराष्ट्रीय स्तर पर कायस्थों की हो रही गोलबंदी

 

कायस्थ महासम्मेलन से कायस्थ फूकेंगे बिगुल : राजीव रंजन

 

देश के विभिन्न कायस्थ संगठनों  ने वृहद आयोजन को दिया अपना सहयोग - समर्थन


नई दिल्ली / पटना ।

अपने राजनैतिक, व्यावसायिक, शैक्षणिक और सामाजिक सशक्तिकरण के लिए कायस्थ समाज की राष्ट्रीय - अंतरराष्ट्रीय स्तर पर गोलबंदी शुरू हो गई है । इस सिलसिले में आगामी 19 दिसंबर को नई दिल्ली के तालकटोरा स्टेडियम में होने वाले विश्व कायस्थ महासम्मेलन के माध्यम से देश के विभिन्न राज्यों  में फैले कायस्थ परिवारों का बड़ा जुटान होने जा रहा है । 

जीकेसी के राष्ट्रीय प्रवक्ता कमल किशोर ने आज यहां बताया कि देश के विभिन्न कायस्थ संगठनों के  सहयोग - समर्थन से ग्लोबल कायस्थ कॉन्फ्रेंस के बैनर तले विश्व कायस्थ महासम्मेलन के आयोजन को लेकर बड़े पैमाने पर तैयारियां चल रही हैं ।जीकेसी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं कायस्थ हित के लिए राष्ट्रीय - अंतरराष्ट्रीय स्तर पर  लगातार प्रयासरत राजीव रंजन प्रसाद के नेतृत्व में राष्ट्रीय राजधानी नई दिल्ली के अलावा देश के विभिन्न राज्यों में इस आयोजन को लेकर जगह - जगह जागरूकता अभियान, जन संपर्क अभियान , शंखनाद यात्रा जैसे कार्यक्रम लगातार किए जा रहे हैं । उन्होंने बताया कि कायस्थ हित के लिए होने वाला यह वृहद आयोजन आजादी के बाद कायस्थों का अब तक का सबसे बड़ा समागम होगा ।

श्री किशोर ने बताया कि जीकेसी के ग्लोबल अध्यक्ष राजीव रंजन प्रसाद के लगातार दौरों तथा प्रयासों से  देश के विभिन्न राज्यों के 3 दर्जन से अधिक कायस्थ संगठनों ने इस कार्यक्रम को अपना समर्थन - सहयोग देना तय किया है ।विश्व कायस्थ महासम्मेलन में भाग लेने के लिए अब तक पूर्व केंद्रीय मंत्री एवं सांसद रविशंकर प्रसाद,पूर्व केंद्रीय मंत्री यशवंत सिन्हा, पूर्व केंद्रीय मंत्री एवं प्रख्यात अभिनेता शत्रुघ्न सिन्हा,उत्तर प्रदेश सरकार के पूर्व मंत्री सुनील शास्त्री, दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल , पूर्व सांसद संजय निरुपम, प्रख्यात  राजनीतिज्ञ चक्रपाणि , पूर्व सांसद पवन वर्मा, विधायक अभय वर्मा, प्रख्यात ज्योतिषाचार्य पवन सिन्हा,फिल्म अभिनेता शेखर सुमन, हास्य कलाकार राजू श्रीवास्तव समेत देश के विभिन्न प्रमुख राजनीतिज्ञों , संपादकों, पत्रकारों, फिल्म जगत के कलाकारों , लोक गायकों , खिलाड़ियों , विभिन्न बड़े औद्योगिक तथा व्यावसायिक संस्थानों के प्रमुखों , अधिकारियों आदि ने इस कार्यक्रम में भाग लेने पर अपनी सहमति दे दी है । उन्होंने बताया कि विश्व कायस्थ महासम्मेलन में राजनीति में महत्वपूर्ण भागीदारी सुनिश्चित करने के अलावा कायस्थ जाति के बेरोजगार युवक - युवतियों को रोजगार से भी जोड़े जाने के लिए प्रभावी कदम उठाने पर चर्चा होगी । इस आयोजन के माध्यम से समाज में फैली दहेज जैसी कुप्रथा को भी समाप्त करने का संदेश संप्रेषित किया जाएगा |

राष्ट्रीय प्रवक्ता ने बताया कि विश्व कायस्थ महासम्मेलन की तैयारी को लेकर देशभर में ग्लोबल अध्यक्ष राजीव रंजन प्रसाद तथा प्रबंध न्यासी रागिनी रंजन अब तक 250 से अधिक सभाओं , कार्यक्रमों, सम्मेलनों में हिस्सा ले चुके हैं और हर जगह बड़ी संख्या में जुट रहे कायस्थ इस आयोजन को समाज हित में    आज की सबसे बड़ी जरूरत बता रहे हैं ।उन्होंने कहा कि कायस्थ समाज के लिए वर्तमान समय निर्णायक है और ऐसी स्थिति में हम सभी को एकजुट होकर अपनी मजबूती का एहसास सभी राजनीतिक दलों - संगठनों को कराना है ताकि किसी भी रूप में हमारे हक और अधिकार को नजरअंदाज नहीं किया जा सके ।उन्होंने कहा कि यदि अभी कायस्थ समाज नहीं चेता तो सबसे प्रबुद्ध तथा शिक्षा संपन्न इस जाति को विकट परिस्थितियों का सामना करना पड़ सकता है ।

श्री किशोर ने बताया कि विश्व कायस्थ महासम्मेलन में भाग लेने के लिए देश के कोने - कोने से अब तक हजारों लोगों ने अपनी भागीदारी सुनिश्चित करने के वास्ते रेल, हवाई मार्ग एवं अन्य माध्यमों से अपना टिकट सुरक्षित करा लिया है । महासम्मेलन में भागीदारी के लिए निबंधन की भी प्रक्रिया तेजी से चल रही है ।उन्होंने बताया कि इस मौके पर कायस्थ जाति के 500 से अधिक ख्यातिलब्ध कलाकारों का भी जुटान होने जा रहा है जो 18 और 19 दिसंबर को अपनी प्रस्तुतियों से लोगों का भरपूर मनोरंजन करने के साथ-साथ समाज की एकता पर भी अपना संदेश देंगे |

लोकतंत्र का लावारिस प्रहरी होता हैं पत्रकार / शिशिर सोनी


खरी खरी

------------

बिहार के प्रखर पत्रकार जुगनू शारदेय जी के ब्रह्मालीन होने के बाद अपने अपने darwing room में बैठे सजावटी लोग श्रद्धांजलि दे रहे हैं। जब तक वो जिंदा थे दर दर की ठोकरें खाते रहे। तब फेसबुक पर श्रद्धांजलि सभा करने वाले कोई दिखाई नहीं दिये। संसार में अकेले, बिना शादी के बौराने वाले फक्कड़ जुगनू जी कभी पटना रहे, कभी दिल्ली तो कभी मुंबई। जहाँ पनाह मिला, उम्र की इस बेला में वही ठहर लिए। 


मानवता को शर्मसार करने वाली घटना है जुगनू जी की लावारिस मौत। मेरा परिचय दैनिक भास्कर में उनके लगातार लिखने, दफ्तर आने जाने के क्रम में हुआ। अंतिम नौकरी उन्होंने राम बहादुर राय के सानिध्य में हिंदुस्तान समाचार की पत्रिका में की। वहाँ से विदा हुए तो मानो पैदल हो गए। दिल्ली छूटा। पटना पहुंचे। हम सभी पत्रकारों के कंधे पे कोई नेता हाथ रख दे तो हम उसे अपना खैर ख़्वाह मानने की भूल करते हैं। लगातार करते हैं। फलां हमारा मित्र है, अभी फोन करता हूँ, काम हो जायेगा... ऐसी हवा बनाते हैं। बुलबुले को हकीकत समझते हैं। हकीकत में नेता किसी के नहीं होते। जुगनू जी भी खुद को नितीश का मित्र बताते थे। बुरा वक़्त आया तो खुद को अकेला पाया। न नेता, न अभिनेता। न पत्रकार, न फनकार। परिवार में कौन है, पता नहीं। न वो जिक्र करते थे, न मैं पूछता था। 


दिल्ली छोड़ जब वो पटना गए, किसी के आसरे गए होंगे। सहारा नहीं मिला तो पटना सिटी के गुलजारबाग स्थित वृद्ध आश्रम में रहे। वहीं से उन्होंने फोन कर सारी आपबीती बताई। पता नहीं क्यों मुझ से वो खूब बतियाते थे। बताया कैसे ये आश्रम नहीं पागलखाना है। यहाँ ज्यादा रहा तो पागल हो जाऊंगा। सुबह एक ही कप चाय मिलती है। पटना सिटी के समाजसेवी Pradeep Kash को फोन कर मैंने उनका ध्यान रखने को कहा। प्रदीप दोस्तों के साथ उनसे मिलने पहुंचे। खूब बातें हुई। कुछ कमी बेसी पूछ ली। पूरी की। अन्य दोस्तों के मार्फत भी ये सिलसिला चलता रहा। 


एक दिन अचानक पटना का वृद्ध आश्रम छोड़ दिल्ली आ गए। फोन कर बताया कि राम बहादुर राय जी की मदद से गांधी प्रतिष्ठान में ठहरा हूँ। उस समय मैं दिल्ली से बाहर था। लौट कर आया तब तक वे गांधी प्रतिष्ठान से जा चुके थे। उनके कुछ calls मैं miss कर गया। अब उनको miss कर रहा हूँ। किस अवस्था में कहाँ उन्होंने अंतिम साँसें ली, कोई जानकारी नहीं। 


मगर, हम पत्रकारों की यही व्यथा है। कहने को लोकतंत्र का चौथा खंभा। न कोई सोशल सेकुरिटी है, न नौकरी के बाद गरिमापूर्ण जिंदगी जीने के साधन। हम नून तेल के जुगाड़ में कब अधेड़ हो जाते हैं, पता ही नहीं चलता। कब, कौन सी बीमारी के वाहक हो जाते हैं, इल्म ही नहीं होता। 


हम लोकतंत्र के लावारिस प्रहरी हैं। जिसे टेनी जैसे नेता जब चाहे गरिया दें। जब चाहे मरवा दें। उस पाले में ढेंगरा रहे हमारे पत्रकार मित्र भी खबर दिखाने से बचेंगे। खबर लिखने से बचेंगे। अपनी बारी की प्रतीक्षा करेंगे। खंड खंड में विभक्त रहेंगे। Drawing Room से श्रद्धांजलि देते रहेंगे।


श्री राम नाम सत्य है...


शिशिर सोनी 

अपनी शर्तो के साथी / उर्मिलेश

 जुगनू भाई का इस तरह जाना बहुत दुखद और स्तब्धकारी है.

उनके निकटस्थ मित्रो के मुताबिक दिल्ली के एक वृद्धाश्रम में उनका निधन हो गया. उनके निधन की सूचना उनके मित्रो को बाद में मिली. वह समाजवादी धारा के प्रखर पत्रकार और वन व पर्यावरण मामलों जानकार थे. भारतीय रेल भी उनकी विशेषज्ञता का एक विषय था. 

उनके निजी और सार्वजनिक जीवन में कोई भेद नहीं था. वह अविवाहित थे और पैतृक परिवार से भी कोई खास सम्बन्ध नही रह गया था. अगर भूल नहीं  रहा हूं तो उन्होने एक बार बताया था कि वह बिहार के औरंगाबाद जिले के एक गाँव में पैदा हुए थे. 

जुगनू शारदेय मस्त, मनमौजी और अक्खड़ थे. पत्रकारिता, पॉलिटिक्स, फ़िल्म निर्माण या पर्यावरण किसी क्षेत्र में उन्होंने टिककर काम नहीं किया. लेकिन जो भी किया, उसमें वह अपनी अलग छाप छोड़ते रहे.  उनकी ईमानदारी और समझदारी असंदिग्ध थी. वह सामाजिक न्याय के मुखर समर्थक थे.

'समाजवादी-जनता दली धारा' के तमाम छोटे-बड़े नेताओं से उनका सीधा सम्बन्ध था पर किसी से ज्यादा दिन पटरी नहीं बैठती थी. जहां तक याद आ रहा है, एक दौर में बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने उन्हें किसी महत्वपूर्ण शासकीय पद पर भी मनोनीत किया था. उन्होने कुछ साल उस पद पर काम भी किया. उनके मन-मिजाज का वह काम था. बाद में  न जाने क्या हुआ, वह नीतीश जी से इस कदर अलग हुए कि उनके तीखे आलोचक बन गये. लालू प्रसाद यादव, शिवानंद तिवारी और नीतीश कुमार सहित जे पी आंदोलन के सभी प्रमुख नेताओं से उनका दोस्ताना सम्बन्ध रहा पर उनकी ज्यादा समय तक किसी से पटती नही थी. वह संघ-भाजपा राजनीति के जबर्दस्त आलोचक थे. कुछ साल वह राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी के तत्कालीन सांसद और जेएनयू के हमारे सीनियर डीपी त्रिपाठी के सरकारी बंगले में भी रहे. उन दिनों वह प्रेस क्लब भी आया करते थे. यदा-कदा वहां हमारी मुलाकात हो जाती थी. त्रिपाठी जी का भी लंबी बीमारी के बाद पिछले साल के शुरू में निधन हो गया था. 

जुगनू भाई से मेरा परिचय सन् 1986 के आसपास पटना में हुआ था, जब मैं नवभारत टाइम्स के बिहार संस्करण में काम करने दिल्ली छोड़कर पटना गया. मेरी पहली किताब: बिहार का सच(1991) की उन्होंने नवभारत टाइम्स में समीक्षा भी लिखी थी, जो सभी संस्करणों में छपी. उन्होंने एक बार बताया कि उनके मित्र और नवभारत टाइम्स के तत्कालीन कार्यकारी संपादक एस पी सिंह से वह किताब उन्हें इस शर्त पर मिली थी कि वह पढ़कर उसकी समीक्षा लिखेंगे. जुगनू भाई ने वह दायित्व निभाया. वह मेरे आलोचक और प्रशंसक, दोनों थे. बहुत खुलकर बतियाते थे और कभी-कभी खूब नाराज़ भी हो जाते थे. 

जुगनू भाई, सादर नमन!


चित्र सौजन्य: सोशल मीडिया

हरनाज पर हैं सबको नाज /विजय केसती

 हरनाज संधू ने मिस यूनिवर्स का खिताब जीतकर भारत का नाम रौशन किया



भारत की एक 21 वर्षीय बेटी  हरनाज कौर संधू ने मिस यूनिवर्स का खिताब अपने नाम कर भारत का नाम रोशन किया। आज समस्त देशवासियों को हरनाज कौर संधू पर गर्व हो रहा है । आज हरनाज कौर संधू ने भारत की बेटी होने का मान बढ़ाया है । आज  दुनिया भर से हरनाज संधू को इस  जीत पर बधाइयां मिल रही हैैं।  निश्चित तौर पर यह खिताब देश के गौरव बढ़ाया है। हरनाज संधू अद्वितीय सुंदरी होने के साथ एक बुद्धिमान बेटी भी है । हरनाज संधू ने जिस तरह सौंदर्य प्रतियोगिता पैनल के जजों को जवाब दिया है, इसकी जितनी भी तारीफ की जाए कम है ।

इसके पूर्व भी भारत दो बार मिस यूनिवर्स प्रतियोगिता जीत चुका है।  इससे पहले साल 1994 में सुष्मिता सेन और 2000 में लारा दत्ता ने यह ताज अपने नाम किया था।  ऐसे में अब हरनाज संधू के पास भारत को तीसरी बार जीतने का मौका मिला है। निश्चित तौर पर यह जीत भारत के लिए एक बड़ी उपलब्धि के तौर पर देखा जा रहा है।  पिछले दिनों टोक्यो ओलंपिक में  भारत के खिलाड़ियों का शानदार प्रदर्शन ने समस्त देशवासियों को गौरवान्वित किया।  इसके साथ ही विश्व में होने वाले विभिन्न खेलों में भारत के खिलाड़ियों ने अपनी मजबूत उपस्थिति दर्ज की । भारत को कमतर आकने वाले पश्चिम के देशों को अब यह सोचने के लिए बाध्य होना पड़ेगा की भारतीय किसी भी क्षेत्र में पीछे नहीं हैं। 

जब भारतवर्ष पर ब्रिटिश हुकूमत थी । तब भारतीयों को काला कह कर पुकारा जाता था।  भारत को निर्धन, गुलाम और सपेरों का देश कहा जाता था । लंबे संघर्ष के बाद देश को आजादी मिली थी। आजादी मिलने के साथ ही आधुनिक भारत के निर्माण में देश के प्रथम प्रधानमंत्री जवाहरलाल नेहरू ने अपनी पूरी शक्ति लगा दी थी। 565 रियासतों में बंटे भारत को एक करने में देश के प्रथम गृह मंत्री लौह पुरुष वल्लभभाई पटेल ने पूरी शक्ति लगा दी थी ।  देश की आजादी के बीते 74 वर्षों में आज भारत विश्व के दस प्रमुख देशों की सूची में शामिल हो गया है।  यह भारत के लिए गौरव की बात है। आज भारत  अंतरराष्ट्रीय व्यवसाय के क्षेत्र में जिस तरह निरंतर आगे बढ़ते जा रहा है, यह भारत के लिए बड़ी अच्छी बात है।

अब मैं इस वर्ष इजराइल में आयोजित मिस यूनिवर्स प्रतियोगिता और चंडीगढ़ की बेटी हरनाज कौर संधू पर चर्चा करते हैं । इस साल मिस यूनिवर्स ब्यूटी पेजेंट का आयोजन इजराइल में किया गया । मिस यूनिवर्स 2021 प्रतियोगिता में 21 वर्षीय हरनाज संधू भारत का प्रतिनिधित्व कर रही हैं।  इससे पहले भी भारत की बेटियां यह प्रतियोगिता जीत चुकी है। इसी कड़ी में  2021 में यह मौका चंडीगढ़ के सिख परिवार में जन्मी हरनाज संधू को मिला है । इजराइल में आयोजित होने वाले मिस यूनिवर्स 2021 के फिनाले भारत का  प्रतिनिधित्व कर रहीं हरनाज संधू इससे पहले भी कई ब्यूटी पेजेंट  में हिस्सा ले चुकी हैं। मिस यूनिवर्स 2021 में भारत का प्रतिनिधित्व कर रही हरनाज संधू फिटनेस और योग की शौकीन छोटी उम्र से ही ब्यूटी कंपटीशन में भाग लेना शुरू कर दिया था।  उन्होंने साल 2017 में मिस चंडीगढ़ का खिताब भी जीता था। इसके एक साल बाद हरनाज संधू को मिस मैक्स इमर्जिंग स्टार इंडिया 2018 का ताज भी मिल चुका है ।इन दो प्रतिष्ठित खिताब  को अपने नाम करने के बाद हरनाज ने मिस इंडिया 2019 में हिस्सा लिया । जिसमें वह टॉप 12 तक जगह बनाने में कामयाब रही थी।  साल 2018 में हरनाज ने मिस इंडिया पंजाब का खिताब हासिल करने के बाद ब्लेंडर्स म्यूजिक वीडियो  में भी काम किया । इसके बाद इसी साल उन्होंने सितंबर में मिस   इंडिया 2021 का खिताब अपने नाम किया । हरनाज को यह ताज खुद अभिनेत्री कृति सेनन ने पहनाया था । मिस यूनिवर्स 2021 का हिस्सा बनने से पहले ही हरनाज संधू फिल्मों में भी अपनी जगह पक्की कर चुकी हैं । वह अगले साल रिलीज होने वाली दो पंजाबी फिल्में  नजर आएंगी।

 हरनाज संधू अपनी फिटनेस से बेहद प्यार करने वाली बेटी है।  ग्लोबल वार्मिंग और प्रकृति संरक्षण को लेकर उनके विचार ने सौंदर्य प्रतियोगिता जज पैनल को प्रभावित किया था । उनका मानना है कि पृथ्वी को बचाने के लिए हमारे पास अभी भी समय है।  इसलिए जितना हो सके संरक्षण किया जाए।  जज पैनल द्वारा जब इस विषय पर उनसे सवाल पूछे गए तब हरनाज संधू ने जिस तरह प्रकृति संरक्षण और ग्लोबल वार्मिंग पर अपनी बातें रखीं। हरनाज संधू की बातें सुनकर  प्रतियोगिता जज पैनल के चेहरे खिल गए । इससे प्रतीत होता है कि वह न सिर्फ सुंदर है बल्कि उनकी सोच भी दूरदर्शी है।   आज संपूर्ण विश्व ग्लोबल  वार्मिंग से चिंतित है । ऐसे मौके पर उनका इस तरह का बयान आना निश्चित तौर पर गौरव वाली बात है।

मिस यूनिवर्स 2021 के दौरान हरनाज संधू ने स्विमसूट से लेकर नेशनल कॉस्टयूम सेशन तक में अपनी खूबसूरती से भी सभी को प्रभावित किया । उन्होंने नेशनल कॉस्टयूम सेशन में पिंक कलर का लहंगा पहना था । इसके साथ ही वह हाथों में मैचिंग छतरी लिए भी नजर आईं। उनका यह पारंपरिक पहनावा भारतीय महारानी के शाही लुक को दर्शा रहा था।  निश्चित तौर पर इस तरह की भारतीय परंपरागत वेशभूषा के माध्यम से अपने सौंदर्य को प्रस्तुत करना बड़ी बात है।  जहां एक और पश्चिम देशों की सुंदरियां कम से कम वस्त्र में अपने  को प्रस्तुत कर सौंदर्य का खिताब जीतती हैं।  वहीं हरनाज संधू ने भारतीय परंपरागत वेशभूषा के माध्यम से अपने सौंदर्य को प्रस्तुत कर देश की प्रतिष्ठा को बढ़ाईहै।

 इस पर हरनाज कौर ने कहा, “जिस सबसे बड़े दबाव का आज का युवा सामना कर रहा है, वह है खुद पर विश्वास करना। यह जानना कि आप अद्वितीय हैं, आपको खूबसूरत बनाता है। अपनी तुलना दूसरों से करना बंद करें और दुनिया भर में हो रही अधिक महत्वपूर्ण चीजों के बारे में बात करें। बाहर आओ, अपने लिए बोलो, क्योंकि तुम अपने जीवन के नेता हो। आप अपनी आवाज हो। मुझे खुद पर विश्वास था और इसलिए मैं आज यहां खड़ी हूं।” जिस तरह हरनाज संधू ने जीत के बाद अपनी बातें रखी हैं। इससे प्रतीत होता है कि हरनाज संधू का अध्ययन काफी विस्तृत है । वह भारत की  एक बेटी जरूर है। साथ ही वह विश्व की बेटी होने की भूमिका में भी नजर आती हैं।  भारत का गौरव कैसे आगे बढ़े ? भारतवासी खुद को नकारात्मकता से दूर कैसे  करें ? भारत का हर एक व्यक्ति कर्मशील विवेकशील और मेहनतकश है । भारत का हर व्यक्ति अद्वितीय सुंदर है । उसकी सुंदरता सिर्फ दैहिक  नहीं बल्कि मन, कर्म और वचन से भी है।  इस सोच के साथ भारतीय विश्व मंच पर आएं और अपनी मजबूत उपस्थिति दर्ज करें । आज जिस तरह की बातें हरनाज संधू ने विश्व मंच पर प्रस्तुत की है, इसके लिए हरनाज संधू के माता पिता सहित उनके गुरु जन भी बधाई के पात्र हैं।


विजय केसरी

(कथाकार / स्तंभकार)

पंच मंदिर चौक, हजारीबाग - 825 301

 मोबाइल नंबर : 92347 99550.

गुमनाम मौत ही नसीब हुई जुगनू क़ो / विजय केसरी

 स्मृति शेष / 

पत्रकार जुगनू शारदेय की गुमनामी मौत से उठते सवाल  / विजय केसरी 


बिहार - झारखंड के जाने-माने घुमक्कiड़ पत्रकार जुगनू शारदेय का जाना पत्रकारिता जगत के लिए एक अपूरणीय क्षति है । मंगलवार को दिल्ली के एक वृद्धा आश्रम में पत्रकार जुगनू शारदेय की गुमनामी में मौत हो गई । यह बेहद चिंता की बात है।उनका जन्म भारत की आजादी के दूसरे वर्ष सन 1949 में बिहार प्रांत में हुआ था। उन्होंने बिहार में ही अपनी पढ़ाई पूरी की थी। 

बचपन से ही उनमें  पत्रकार बनने का  जुनून सवार था।  महाविद्यालय की शिक्षा पूरी करने के बाद  उन्होंने सीधे पत्र - पत्रिकाओं के माध्यम से अपनी मन की बातें लिखना शुरू कर दिया था ।  आगे धीरे-धीरे कर उनकी रचनाएं 'जन' 'धर्मयुग' 'सप्ताहिक हिंदुस्तान' 'दिनमान'जैसे प्रतिष्ठित राष्ट्रीय पत्रिकाओं में छपने लगी थीं। वे‌ लगातार लिखते और छपते रहे थे। उन्होंने 'जन' 'दिनमान' 'धर्मयुग' 'साप्ताहिक हिंदुस्तान' से शुरू कर कई पत्र-पत्रिकाओं का संपादन और प्रकाशन भी किया था। वे एक सफल पत्रकार के साथ कवि और लेखक भी थे। उन्होंने मर्म को छूने वाली कई कविताएं लिखी । उन्होंने छोटी-छोटी कहानियां भी लिखीं। उनकी लगभग कविताएं और कहानियां   विभिन्न पत्र-पत्रिकाओं में प्रकाशित हुई थी । लेकिन वे एक कवि और कथाकार के रूप में जम नहीं पाए थे । वे बतौर   एक पत्रकार के रूप में ही पहचाने जाते रहे थे।

 उनके घुमक्कड़ स्वभाव ने उन्हें जंगलों में भी भटकने के लिए प्रेरित किया । जंगलों में उन्हें घूमने में बड़ा मजा आता था।  जंगल के वन्य जीवो को देखना और वन्य जीवों के संरक्षण के लिए आवाज बुलंद कर अद्वितीय कार्य किया था । इस तरह के कार्य विरले पत्रकार ही कर पाते हैं । वे अन्य पत्रकारों से बिल्कुल अलग थे । भीड़ में रहकर भी भीड़ से अलग थे । वन्य जीवों से लगाव के कारण ही  सफेद बाघ पर उनकी एक महत्वपूर्ण पुस्तक 'मोहन प्यारे का सफ़ेद दस्तावेज़' सन 2004 मेंं प्रकाशित हुई थी।   हिंदी में वन्य जीव पर लिखी उनकी यह पुस्तक बिल्कुल अनूठी साबित हुई । इस पुस्तक को भारत सरकार के पर्यावरण मंत्रालय ने 2007 में प्रतिष्ठित 'मेदिनी पुरस्कार' से जुगनू शारदेय को नवाजा था। 

उन्होंने पत्रकारिता अपनी शर्तों पर की । उनकी निर्भीकता देखते बनती थी । उनकी कलम की ताकत की चर्चा आज भी की जाती है। वे एक निष्पक्ष, निर्भीक पत्रकार होने के साथ समाजवादी चिंतन के व्यक्ति थे । सामाजिक उत्पीड़न के खिलाफ उनकी कलम खुलकर लिखा करती थी।  वे कभी भी   एक पत्र - पत्रिका के साथ बंध कर नहीं रहे । उन्होंने देशभर के विभिन्न पत्र-पत्रिकाओं से अपना नाता बनाए रखा था । 


घुमक्कड़ व यायावरी स्वभाव के कारण उन्होंने अपनी गृहस्थी भी बसा नहीं पाई थी।  उनका जन्म बिहार में जरूर हुआ था,लेकिन उनकी कर्मभूमि झारखंड की राजधानी रांची और पटना दोनों जगहों पर बनी रही थी। वे दोनों स्थानों पर अपनी मजबूत उपस्थिति दर्ज करते रहे थे । 

उनका झुकाव सिनेमा पत्रकारिता की भी ओर हुआ । सिनेमा पत्रकारिता के क्षेत्र में भी उन्होंने कई यादगार और महत्वपूर्ण लेख सिने प्रेमियों के लिए लिखा था।  वे देश के जाने-माने कथाकार फणीश्वर नाथ रेणु के साथ मुंबई की भी यात्रा  की थी ।  वे मुंबई में फणीश्वर नाथ रेणु के साथ लंबे समय तक रहे थे ।  वे मुंबई में भी ज्यादा दिनों तक टिक नहीं पाए थे। वे  अपने घुमक्कड़ स्वभाव के कारण  पुनः बिहार की पावन धरती पर लौट आए।

जब उनकी कलम देश की राजनीति पर चलने लगी थी । वे जल्द ही बिहार के शीर्ष नेताओं एवं राष्ट्रीय नेताओं की नजरों में छा गए थे।  उनकी कलम कब क्या लिख दे ? नेता गण भी हक्का-बक्का रह जाते थे । जुगनू शारदेय समाज के अंतिम व्यक्ति तक सत्ता की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाना चाहते थे । इस कार्य में हो रही गड़बड़ी के खिलाफ वे सदा लिखते रहे थे  ।

लोकनायक जयप्रकाश नारायण  ने बिहार की पावन धरती से जब संपूर्ण क्रांति का आह्वान किया था । तब जुगनू शारदेय लोकनायक जयप्रकाश नारायण के आंदोलन में कूद पड़े थे।  वे, कर्पूरी ठाकुर, लालू प्रसाद यादव,रामविलास पासवान ,नीतीश कुमार, गौतम सागर राणा जैसे बड़े नेताओं के साथ कदम से कदम मिलाकर चले थे। जयप्रकाश नारायण आंदोलन की रिपोर्टिंग उन्होंने देश के विभिन्न पत्र-पत्रिकाओं में की थी । जिसकी चर्चा देशभर में होनी शुरू हो गई थी।  अब देश के एक बड़े पत्रकार के रूप में  उनकी पहचान बन गई थी।

 जयप्रकाश नारायण आंदोलन में उन्होंने अपनी मजबूत उपस्थिति दर्ज की थी । जब देश में इमरजेंसी लागू की गई थी ।  तब जुगनू शारदेय  अपने लेखों के माध्यम से विरोध के स्वर बुलंद कर रहे थे । वे पुलिस से छुपकर एक जगह से दूसरी जगह आया जाया करते थे।  वे अपने घुमक्कड़ स्वभाव के कारण  पुलिस के हाथ कभी लगे नहीं । इमरजेंसी के दौरान जब उनके लेख छपते थे, पाठक गण  शारदेय के  लेखों को बहुत ही सिद्दत के साथ पढ़ा करते थे।

उन्होंने पूरी ईमानदारी और निष्ठा के साथ  पत्रकारिता की। उन्होंने किसी भी विषय पर  अपनी राय  खुलकर रखी । वे एक निर्भीक  पत्रकार होने के साथ बहुत ही सहज ,सरल और निर्मल मन के थे। उन्होंने कभी किसी से राग - द्वेष नहीं रखा । और ना ही सत्ता की चाटुकारिता की । सत्ता के बदलते स्वरूप के खिलाफ  उनकी कलम सदा आग उगलती रही थी। उन्होंने एक खालिस पत्रकार की भूमिका में अपना पूरा जीवन बिता दिया । एक पत्रकार ने जुगनू शारदेय के निधन पर लिखा किआपने बिल्कुल ठीक लिखा कि 'जिनके लिए उन्होंने लिखा, कोई भी उनके दाह संस्कार में पहुंच नहीं पाए।' उन्होंने बिल्कुल ठीक लिखा है। इस तरह भीड़ से अलग चलने वाले पत्रकारों को स्थिति से गुजरना ही पड़ता है।

यह सिर्फ इनके साथ ही नहीं हुआ ब ल्कि पूर्व में भी ऐसी घटनाएं घटती चली आ रही है जो अनवरत  चलती रहेगी।  वे पत्रकारिता जगत के एक मजबूत स्तंभ रहे थे। क्या  देश के पत्र-पत्रिकाओं और सत्ता के शीर्ष में बैठे नेतागण उनकी सुध ली ? 

जुगनू शारदेय पिछले 20 वर्षों से वर्तमान पत्रकारिता से अलग-थलग पड़ गए थे । उनका स्वास्थ्य धीरे धीरे कर गिरता चला जा रहा था। आर्थिक विपन्नता भी उन्हें कम परेशान नहीं कर रही थी । उनके पास ना रहने का ठिकाना था।  ना खाने की जुगाड़ू।  बस दिल्ली, पटना, रांची आदि शहरों में लगातार घूमते रहे थे। बस ! वे कुछ लेखों के माध्यम से अपने जीवित होने का सबूत देते रहे थे।  उनके इस गिरते स्वास्थ्य पर बिहार के कई नेताओं ने बिहार सरकार एवं भारत सरकार से इनके स्वास्थ्य की बेहतर देखभाल, मुफ्त आवास और भोजन की व्यवस्था मांग की थी । लेकिन न प्रांत की सरकार और ना ही भारत सरकार इस दिशा में कुछ कर पाई। फलत: घोर अभाव के बीच जुगनू शारदेय का अंतिम दिन बीता था। अगर उनके पास कुछ पूंजी थी तो बीते कुछ वर्षों के लेख और उनकी ईमानदारी। अंतिम समय में यह भी पूंजी काम नही आई।

 जुगनू शारदेय का पत्रकारिता के प्रति जुनून, निष्ठा और ईमानदारी सदा लोगों को प्रेरणा देती रहेगी। उन्होंने पत्रकारिता के लिए  अपनी गृहस्थी तक नहीं बसाई। वे सदा लिखते रहें, लिखते रहें। बस ! लिखना ही उनके जीवन का उद्देश था। उन्होंने जी भर कर लिखा । छपे और घोर तंगहाली में सदा सदा चले गए। उन्हें नाम की क्या फिकर थी ?  उनकी अंत्येष्टि में कोई पहुंचे अथवा ना पहुंचे ! उससे उन्हें क्या फर्क पड़ता  ? वे एक खालिस पत्रकार थे।

जुगनू शारदेय से मिलने का मुझे कई बार अवसर प्राप्त हुआ था। उनके निधन के समाचार से मैं मर्माहत हूं। उनका गौर वर्ण, चेहरे में विशेष चमक, हंसता मुस्कुराता चेहरा आंखों के सामने मंडराने लगा। मैं कल्पना भी न किया था कि जुगनू शारदेय की अंतिम विदाई इतनी घोर तंगहाली में होगी । वे मेरे जैसे ना जाने कितने पत्रकारों, कवियों और लेखकों के प्रेरणा स्रोत रहे थें। वे हमेशा नए लेखकों, कवियों और  पत्रकारों को रचना कर्म के लिए प्रेरित करते रहे थे । उनका जाना निश्चित तौर पर पत्रकारिता जगत के लिए एक अपूरणीय क्षति है। उनके जैसे एक वरिष्ठ पत्रकार का इतनी तंगहाली में जाना कई सवालों को भी खड़ा कर जाता है। क्या एक ईमानदार पत्रकार होने की सजा जुगनू शारदेय को गुमनामी मौत के रूप में मिली ।


विजय केसरी,

( कथाकार / स्तंभकार),

पंच मंदिर चौक, हजारीबाग - 825 301,

 मोबाइल नंबर 92347 99550.

भारत

  लेख संवाद पढ़ें अपुनरीक्षित बदलाव सम्पादित करें इतिहास देखें देखा गया भारत गणराज्य Republic of India ( अन्य क्षेत्रीय भाषाओं में देखें) ध...