पत्रकारिता (मीडिया) का प्रभाव समाज पर लगातार बढ़ रहा है। इसके बावजूद यह पेशा अब संकटों से घिरकर लगातार असुरक्षित हो गया है। मीडिया की चमक दमक से मुग्ध होकर लड़के लड़कियों की फौज इसमें आने के लिए आतुर है। बिना किसी तैयारी के ज्यादातर नवांकुर पत्रकार अपने आर्थिक भविष्य का मूल्याकंन नहीं कर पाते। पत्रकार दोस्तों को मेरा ब्लॉग एक मार्गदर्शक या गाईड की तरह सही रास्ता बता और दिखा सके। ब्लॉग को लेकर मेरी यही धारणा और कोशिश है कि तमाम पत्रकार मित्रों और नवांकुरों को यह ब्लॉग काम का अपना सा उपयोगी लगे।
रविवार, 5 फ़रवरी 2023
खुशवंत सिंह के बारे मेरी अच्छी नहीं थी Aa
उर्मिलेश-
विख्यात लेखक-संपादक खुशवंत सिंह का आज (2 फरवरी) जन्म दिन है. अचानक उनकी याद आई जब पता चला, 1915 में आज ही के दिन उनका जन्म हुआ था..उनका निधन 2014 में 20 मार्च को हुआ..

लेखक, संपादक, इतिहासकार, राजनयिक और सांसद के रूप में उनको ख्याति मिली. शुरू में मेरी उनके बारे में बहुत अच्छी राय नहीं थी. यह तब की बात है जब मैं इलाहाबाद में बी ए का छात्र था और देश में इमर्जेंसी लगी हुई थी. खुशवंत उन बड़े पत्रकारों/संपादकों में थे जिन्होंने इमर्जेंसी का समर्थन किया था. इसी वजह से उनके बारे में लंबे समय तक मेरी राय अच्छी नहीं रही.
उन दिनों मै सिर्फ उनके लेख और कॉलम ही पढता था. मुझे यह भी नहीं मालूम था कि वह A Train to Pakistan के लेखक भी हैं, जबकि यह किताब मेरे जन्म-वर्ष(1956 )ही प्रकाशित होकर देश और विदेश में बहुत लोकप्रिय हो चुकी थी. सन् 1978 में जब दिल्ली आकर JNU का छात्र बना तो कमल कॉम्प्लेक्स स्थित गीता बुक सेंटर से वह किताब खरीदी. पढ़ने के बाद खुशवंत सिंह नामक ‘इमर्जेंसी-समर्थक संपादक’ से जो भी गिला-शिकवा था, वह ख़त्म हो गया.
बाद के दिनों में उन्हें कई मौकों पर देखा और सुना भी. पर वन-टू-वन मिलने का मौका तब मिला, जब मैं राज्यसभा टेलीविजन का कार्यकारी संपादक था. मुलाकात बहुत दिलचस्प और खुशनुमा रही.
निजी जीवन में भी वह बिंदास, निडर, हंसमुख और मस्तमौला थे. खुशवंत के चुटीले हास्य-व्यंग्य आधारित अखबारी कॉलम भी खूब लोकप्रिय हुए.
बेहद अमीर घर में पैदा हुए खुशवंत सिंह की शिक्षा-दीक्षा दिल्ली, लाहौर और लंदन हुई. अपनी पृष्ठभूमि के चलते वह बेहद कुलीन तो थे लेकिन ज्यादातर भारतीय कुलीनों की तरह उनमें सामंती ऐंठ और दंभ-भरी अशिष्टता नहीं थी. उनकी कुलीनता काफी कुछ यूरोप के उदार पूंजीवादी समाजों के अमीरों जैसी थी. एक बात जरूर कहनी होगी कि रहन-सहन की शैली भले यूरोपीय अमीरों जैसी थी पर उनके जीवन-मूल्य पूरी तरह देसी थे. पेड़ों-पौधों, पर्वतीय इलाकों की वनस्पतियों और पक्षियों के बारे में उनकी गहरी रुचि थी.
भारतीय समाज और इतिहास की उनकी समझ बहुत अच्छी थी. अंग्रेजी के वह उन इक्का-दुक्का बड़े भारतीय संपादकों में थे, जो भारतीय समाज और शासकीय प्रतिष्ठानों पर ब्राह्मणवादी वर्चस्व की आलोचना से परहेज नहीं करते थे. उनके अंग्रेजी पाठक तो निश्चय ही इस बात से अच्छी तरह परिचित होंगे लेकिन हिंदी जगत में यह बात उतनी ज्ञात नहीं है.
हिन्दुत्ववादी राजनीति, मंदिर मस्जिद विवाद, मस्जिद ध्वंस और अन्य सांप्रदायिक विवादों व दंगों को उन्होंने सिरे से खारिज किया. गुजरात से केंद्रीय राजनीति की तरफ मुखातिब होते भाजपा नेता नरेंद्र मोदी के भी वह मुखर आलोचक थे. उनका निधन 2014 में मोदी जी के प्रधानमंत्री बनने से पहले ही हो गया था. उनकी आखिरी किताब का शीर्षक स्वयं ही उसकी कथा कसता है: The End of India. खुशवंत सिंह ने सिख हिस्ट्री लिखकर इतिहास-लेखन के क्षेत्र में बडा योगदान दिया. उनकी किताब History of The Sikh दो खंडों में प्रकाशित है. इन दोनों में उन्होंने सन् 1469 से 1988 तक का सिख इतिहास लिखा है.
बहुत सारे लोग समझते रहे कि वह इंदिरा गांधी या कांग्रेस के खासमखास या कि चाटुकार थे पर यह सच नहीं है. हां, लंबे समय तक उनके समर्थक जरूर रहे. वैचारिक स्तर पर वह अपने आपको लिबरल और डेमोक्रेटिक विचारों का व्यक्ति मानते थे. शायद, इस नाते कांग्रेस और ऐसे अन्य दलों के नेताओं के साथ उनका संवाद और उठना-बैठना चलता रहता था. लेकिन सांप्रदायिकता जिसकी तरफ से हो, उस पर उन्होंने कभी समझौता नहीं किया. स्वर्ण मंदिर में सैन्य कार्रवाई-ऑपरेशन ब्लू स्टार के खिलाफ उन्होंने अपना पद्मभूषण का सरकारी सम्मान तक वापस कर दिया था.
आज के दौर में खुशवंत सिंह जैसी शख्सियत को निश्चय ही आदर और प्यार के साथ याद किया जाना चाहिए.
चतरा नरसंहार या बलिदान
इतिहास
चतरा जिले का इतिहास
प्रस्तुति - ज्ञान प्रकाश
चतरा , झारखंड के प्रवेशद्वार, विशेष रूप से छोटानागपुIर के पास, एक शानदार अतीत है जिसमें एक प्रसिद्ध ऐतिहासिक विरासत है। यह भूमि मानवीय नाटक की ऐतिहासिक प्रगति के विचित्र असंतोष का मूक दर्शक है।
प्राचीन काल
यह कहा गया है कि अशोक के शासनकाल के दौरान 232 बीसी। “अतावी” या वन राज्यों ने भी मगध साम्राज्य की अतिमौजूदता को स्वीकार किया| ऐसा कहा जाता है कि समुद्रगुप्त ने छोटानागपुर के माध्यम से चलते हुए महानद की घाटी में दक्षिण कौशल के राज्य के खिलाफ पहला हमला करने का निर्देश दिया।
मध्यकालीन काल
तुगलक के शासनकाल के दौरान, छत्र दिल्ली सल्तनत के संपर्क में आया। औरंगजेब के शासनकाल में बिहार के मुगल गवर्नर दाऊद खान ने 5 मई 1660 को कोठी किले पर कब्जा कर लिया था और बहुत विरोध किए बिना वह कुंडे के किले की तरफ चले गए, जिसकी एक मजबूत तटस्थता थी क्योंकि यह एक पहाड़ी तट पर स्थित था। यह किला अंततः उनके द्वारा कब्जा कर लिया गया था और 2 जून, 1660 ईस्वी पर पूरी तरह से नष्ट हो गया था। 17 वीं सदी में रामदास राजा के कब्जे में कुंदा किला था। अलीवर्गी खान 1734 ई डी में कुंदा की ओर अग्रसर थे, टिकारी (गया) के विद्रोही जमींदारों को पराजित करने के बाद और फिर उन्होंने चतरा किला पर हमला किया और इसे ध्वस्त कर दिया।
आधुनिक काल
1769 ईसवी में पहली बार ब्रिटिश, इन क्षेत्रों के संपर्क में आया। यह ध्यान रखना दिलचस्प है कि राजा राम मोहन रॉय, प्रमुख सामाजिक सुधारक, 1805-06 में चतरा में ‘सिरिश्द्दर’ के रूप में काम करते थे एवं दोनों चतरा में रहते थे |
बिहार में राष्ट्रीय आंदोलन के इतिहास में चतरा एक और आकर्षक अध्याय प्रदान करता है। 1857 के विद्रोह के दौरान छोटानागपुर में विद्रोहियों और ब्रिटिशों के बीच लड़ा जाने वाली सबसे महत्वपूर्ण लड़ाई ‘चतरा की लड़ाई’ थी। यह निर्णायक लड़ाई 2 अक्टूबर 1857 को ‘फांसी तालाब के पास लड़ी गई थी यह एक घंटे तक चला था जिसमें विद्रोहियों को पूरी तरह हराया गया था। 56 यूरोपियन सैनिकों और अधिकारियों की मौत हुई जबकि 150 क्रांतिकारियों की मौत हो गई और 77 लोगों को एक गड्ढे में दफनाया गया। सूबेदार जय मंगल पांडे और नादिर अली खान को 4 अक्टूबर 1857 ए.डी.को उन्हें मौत की सजा सुनाई गई। यूरोपीय और सिख सैनिकों को उनके हथियारों और गोला-बारूद के साथ अच्छी तरह से दफनाया गया। एक इंस्क्रिप्वर पट्टिका अभी भी मौजूद है।
वह शिलालेख सूचित करता है: “रामगढ़ बटालियन के विद्रोहियों के खिलाफ कार्रवाई में 2 अक्टूबर 1857 को हर महामहिम की 53 वीं रेजिमेंट पैर और सिपाही की एक पार्टी मारे गए थे। 53 वीं रेजिमेंट के 70 वें बंगाल मूल इंफैंट्री और सर्गेन्ट डी। डायन की लेफ्टिनेंट जे.सी.सी. डुन को युद्ध में विशिष्ट वीरता के लिए विक्टोरिया क्रॉस से सम्मानित किया गया था, जिसमें विद्रोहियों को पूरी तरह हराया गया था और उनके सभी चार बंदूकों और गोला-बारूद को खो दिया था।
दूसरी तरफ फांसी तालाब के तट पर शिलालेख दो क्रांतिकारी उपकारों को यहां के रूप में लाता है:-
“जय मंगल पांडे नादिर अली,
दोनो सूबेदार रे ,
दोनों मिलकर फांसी चढ़े ,
हरिजीवन तालाब रे । “
शुक्रवार, 3 फ़रवरी 2023
रवि अरोड़ा की नजर से......
डराती है टिहरी झील / रवि अरोड़ा
न तो मैं भू वैज्ञानिक हूं और कायदे से न ही पर्यावरणविद मगर फिर भी इस बार जब टिहरी बांध के निकट गया तो माथे पर चिंता की लकीरें थीं। ऐसा होना स्वाभाविक भी था क्योंकि जोशीमठ की खबरों ने भीतर तक हिला जो रखा है । ऐतिहासिक जोशीमठ शहर के छह सौ मकानों में अब तक दरारें आ ही चुकी हैं और बेशक मीडिया में इसकी चर्चा बंद करवा दी गई है मगर यह सिलसिला अभी थमा नहीं है। बताया गया है कि तीन हज़ार घर अभी और खतरे में हैं । हालांकि अभी तक यह स्पष्ट नहीं है कि जोशीमठ की यह हालत क्यों हुई मगर एक अनुमान यह भी तो है कि शायद टिहरी डैम के कारण ही यह शहर धंस रहा है। सच्चाई क्या है सरकार ने इसका खुलासा अभी तक नहीं किया है मगर इस डैम के करीब जाकर तमाम आशंकाएं तो सिर उठाती ही हैं । वैसे यह सवाल भी तो दशकों से अनुत्तरीण ही खड़ा है तमाम बड़े खतरों के बावजूद आख़िर इतने बड़े बांध की जरूरत ही क्या थी ?
टिहरी झील में नौका विहार करते समय मुझे पूरा एहसास था कि मेरे पांवों के नीचे एक पूरा शहर जलमग्न पड़ा है। कुछ लोगों ने बताया कि कभी कभी जलमग्न मंदिर और किले आदि की चोटी पानी में दिखती भी है। उधर, झील के किनारे खड़े होने पर साफ नजर आया कि उसमें पानी का भंडार आजकल बेहद कम है। नौकायन कराने वाले ठेकेदार ने बताया कि मात्र डेढ़ दो महीने ही झील में पूरा पानी रहता है और बाकी दिन झील लगभग आधी ही भरती है। घर लौटकर एक स्थानीय पत्रकार से फोन पर बात की तो यह रोचक जानकारी मिली कि भागीरथी नदी पर बनी देश की सबसे बड़ी यह जल विद्युत परियोजना बेशक साल 2006 से कार्य कर रही है मगर इतने वर्षों में बस एक बार ही इसमें पूरी क्षमता यानि 830 मीटर तक का जल भराव किया गया है। और वह भी मात्र डेढ़ साल पहले 24 सितंबर 2021 को । अब जब बांध में पूरा पानी ही नहीं होता तो बिजली का पूरा उत्पादन भी कैसे हो । नतीजा 25 मिलियन यूनिट की क्षमता वाली यह परियोजना मात्र 8 - 9 मिलियन यूनिट बिजली ही प्रतिदिन बना पाती है। यही नहीं इसके टरबाइन केवल सुबह शाम तब ही चलते हैं जब पीक आवर्स में नॉर्दन ग्रिड को अतिरिक्त बिजली की आवश्यकता होती है और बाकी समय यह प्रोजेक्ट बंद पड़ा रहता है।
समझ नहीं आया कि जब इस्तेमाल एक तिहाई क्षमता का ही करना था तो आखिर इतना बड़ा डैम क्यों बनाया ? क्यों करोड़ों लोगों का जीवन खतरे में डाला और हजारों को विस्थापित किया ? क्यों 8392 करोड़ रुपए इसमें झोंक दिए और पर्यावरण पर पड़ने वाले कुप्रभाव की भी परवाह नहीं की ? चलिए पूर्व की सरकारों ने जो कर दिया सो कर दिया मगर वर्तमान सरकार अब क्या कर रही है ? जोशीमठ में जो हो रहा है उसके मद्देनजर इसकी फिर से कड़ी समीक्षा क्यों नहीं कर रही ? खबरें आ रही हैं कि टिहरी डैम के आसपास के कुछ गांवों से भी आजकल दीवारें दरक रही हैं। पर्यावरणविद तो पहले ही इसकी आशंका जता चुके हैं। संसदीय समिति ने भी इस पर अपनी चिंता जताई है। क्या केन्द्र और राज्य सरकार को अब इस बांध से जुड़े खतरों को गंभीरता से नहीं लेना चाहिए ? ऐसे में जब कहा जाता रहा है कि डैम टूटा तो हरिद्वार और ऋषिकेश पूरी तरह डूब जायेंगे और बांध का पानी मेरठ तक आ जायेगा, मुझ जैसे कमजोर दिल वाले का तो उसके पास जाकर घबराना स्वाभाविक ही है। वैसे उक्त पंक्तियां पढ़ कर चिंतित तो आप भी हो रहे होंगे।
गुरुवार, 2 फ़रवरी 2023
बेकर, बजट, संसद और नार्थ ब्लाक / विवेक शुक्ला
विवेक शुक्ला
निर्मला सीतारमण ने सन 1921 में बने संसद भवन में देश के साल 2023-24 का बजट पेश कर दिया। इसके साथ ही अब तय माना जा रहा है कि हरबर्ट बेकर के डिजाइन की गई इस अप्रतिम इमारत में अंतिम बार देश का आम बजट पेश हो गया है। संसद भवन (पहले काउंसिल हाउस) का डिजाइन तैयार करते हुए बेकर को नई दिल्ली के चीफ आर्किटेक्ट एडविन लुटियंस का सहयोग मिलता रहा था। अब अगला आम बजट नई संसद भवन में ही पेश होगा। बेशक, मौजूदा संसद भवन की चर्चा किए बगैर स्वतंत्र भारत का इतिहास लिखा नहीं जा सकता है। इसी संसद भवन में शहीद भगत सिंह और बटुकेश्वर दत्त ने 8 अप्रैल,1929 को बम फेंका था। तब इसे काउंसिल हाउस कहते थे। यहां ही पंडित नेहरू के नेतृत्व में बनी अंतरिम सरकार में वित्त मंत्री लियाकत अली खान ने 2 फरवरी,1946 को अंतरिम बजट पेश किया। वे बजट पेपर अपने राजधानी के हार्डिंग लेन (अब तिलक लेन) के आवास से लेकर संसद भवन गए थे।
लियाकत खान ने अपने बजट प्रस्तावों को सोशलिस्ट बजट बताया। पर उनके बजट से व्यापारी वर्ग ने काफी नाराजगी जताई थी। उन पर आरोप लगे थे कि उन्होंने हिन्दू विरोधी बजट पेश किया। उन्होंने व्यापारियों पर एक लाख रुपये के कुल मुनाफे पर 25 प्रतिशत कर लगाने का प्रस्ताव रखा। कोरपोरेट टैक्स को दो गुना कर दिया। चाय के निर्यात पर भी एक्सपोर्ट ड्यूटी को दो गुना कर दिया। यहां पर ही पंडित जवाहरलाल नेहरू ने 14-15 अगस्त, 1947 की रात को आयोजित एक गरिमामय कार्यक्रम में स्वतंत्र भारत के पहले प्रधानमंत्री पद की शपथ ली थी।
- खुशवंत सिंह ‘रोमास ऑफ दिल्ली’ में संसद भवन के ठेकेदार लछमन दास के बार में लिखते हैं, ‘लछमन दास सच्चाई और नेक नीयती की मिसाल थे। उन्होंने संसद भवन के निर्माण में कभी घटिया सामग्री का इस्तेमाल नहीं किया। वे अपने मुलाजिमों को वक्त पर वेतन देते थे।’
इसके साथ ही,1931 में बने नार्थ ब्लाक का भी केन्द्रीय बजट से संबंध अब लंबा चलता नजर नहीं आ रहा है। सरकार सेंट्रल विस्टा को नए सिरे से री-डवलप करने के क्रम में नार्थ और साउथ ब्लाक को संग्रहालय के रूप में तब्दील करने का मन बना चुकी है। यानी आने वाले सालों में बजट किसी अन्य़ इमारत में तैयार होगा।
- केन्द्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण के बजट भाषण को केन्द्रीय गृह मंत्री अमित शाह भी संसद भवन में सुन रहे थे। वे उसी 6-ए कृष्ण मेनन मार्ग ( पहले किंग जॉर्ज एवेन्यू) के बंगले में रहते हैं जो कभी पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी तथा हरबर्ट बेकर का सरकारी आवास हुआ करता था।
दरअसल संसद भवन से आप चाहें तो नार्थ ब्लाक की इमारत को आराम से देख सकते हैं। भारत के केन्द्रीय बजट का इन दोनों इमारतों से अटूट रिश्ता रहा है। नार्थ ब्लाक में बजट को तैयार किया जाता है। यहां पर वित्त मंत्री अपने सहयोगियों के साथ दिन-रात मेहनत करके बजट को अंतिम रूप देते हैं। इससे पहले, इनसे अलग-अलग क्षेत्रों के नुमाइंदे तथा जानकार मिलते हैं। ये सरकार से गुजारिश करते हैं कि उनके क्षेत्रों को बजट प्रस्तावों में लाभ मिले। नार्थ ब्लाक की बेसमेंट में स्थित प्रिटिंग प्रेस में वित्त मंत्री का बजट भाषण छपता है। उसे संसद में पढ़े जाने से पहले वित्त मंत्री की कोर टीम के कुछ सदस्य ही देख पाते हैं। इस सारी प्रकिया के बाद बजट को वित्त मंत्री की तरफ से संसद भवन में पेश किया जाता है। यह मोटा-मोटी सबको पता है।
पर यह सबको नहीं पता कि नार्थ ब्लाक तथा संसद भवन का डिजाइन बनाने में प्रख्यात आर्किटेक्ट हरबर्ट बेकर का अहम रोल था। वे चोटी के आर्किटेक्ट थे और नई दिल्ली के चीफ आर्किटेक्ट एडविन लुटियंस के सहयोगी थे।हरबर्ट बेकर ने भारत आने से पहले 1892 से 1912 तक दक्षिण अफ्रीका और केन्या में अनेक सरकारी भवनों और चर्चों के भी डिजाइन बनाए थे। पर उन्होंने यहां किसी चर्च का डिजाइन नहीं तैयार किया। बेकर ने नार्थ ब्लाक के साथ-साथ साउथ ब्लाक,जयपुर हाउस हैदराबाद हाउस, बडौदा हाउस वगैरह को भी डिजाइन किया था। उन्होंने और लुटियंस ने मिलकर संसद भवन ( तब काउंसिल हाउस) को डिजाइन किया था। लुटियंस के आग्रह पर बेकर साल 1912 में भारत आए। दोनों पहले से मित्र और एक आर्किटेक्ट फर्म में सहयोगी रहे थे। हालांकि बाद के दौर में लुटियंस भी बेकर की अदभुत क्षमताओं से आतंकित रहने लगे थे। संसद भवन का डिजाइन बनाते वक्त दोनों में लगातार मतभेद रहने लगे थे। उन्होंने गंभीर रूख ले लिया था। बेकर चाहते थे कि संसद भवन का डिजाइन त्रिभुजाकार हो। पर लुटियंस गोलाकार इमारत खड़ी करने के हक में थे। जाहिर है, अंत में लुटियंस के हिसाब से ही संसद भवन का निर्माण हुआ। आखिर उनकी सरपरस्ती में नई दिल्ली की सब सरकारी इमारतें बन रही थीं।
मध्य प्रदेश के मुरैना जिले में स्थित चौसठ योगिनी मंदिर से भारतीय संसद की वास्तुकला प्रेरित बताई जाती है। माना जाता है कि देश के संसद भवन की डिजाइन इसी मंदिर से प्रेरित होकर बनाया गया है। बेकर-लुटियंस ने इस मंदिर को आधार मानकर संसद भवन का निर्माण किया था।
बेकर राष्ट्रपति भवन ( पहले वायसराय हाउस) के निर्माण के समय लुटियंस को सहयोग कर रहे थे।यह कहना होगा कि इतनी आइकॉनिक इमारतों का डिजाइन करने वाले शख्स को पर्याप्त पहचान नहीं मिली। वे इस लिहाज से बदनसीब ही रहे।बेकर की इमारतों में जालियां और छज्जे अवश्य मिलते हैं।
ब्रिटेन के शहर कैंट में 9 जून 1862 को जन्में बेकर बेकर बार-बार राजस्थान निकल लेते थे। वहां की पुरानी हवेलियों से लेकर किलों का अध्ययन करते। इसलिए ही उनके काम में ब्रिटिश तथा भारतीय वास्तुकला का अद्भुत संगम दिखाई देता है।उनकी डिजाइन की हुई इमारतों में भव्यता है। वे हरियाली के लिए स्पेस चाहते थे। बेकर किसी बिल्डिंग का डिजाइन तैयार करते वक्त आगे के 75-80 वर्षों के बारे में सोचते थे। संसद भवन तथा नार्थ ब्लाक को देखकर यह बात साबित हो जाती है। ये दोनों अब भी नई-समकालीन इमारतें ही लगती हैं।
Vivek Shukla Navbharattimes 2 February 2023
--------------
बुधवार, 1 फ़रवरी 2023
आईआईएमसी के महानिदेशक प्रो. संजय द्विवेदी को 'हिंदी गौरव अलंकरण' सम्मान*
19 फरवरी को इंदौर में होगा अलंकरण समारोह
*नई दिल्ली,. *भारतीय जन संचार संस्थान (आईआईएमसी), नई दिल्ली के महानिदेशक प्रो. (डॉ.) संजय द्विवेदी* को वर्ष 2023 का *'हिंदी गौरव अलंकरण'* सम्मान देने की घोषणा की गई है। प्रो. द्विवेदी के साथ प्रख्यात साहित्यकार एवं इतिहासविद् *डॉ. भगवतीलाल राजपुरोहित* को भी 'हिंदी गौरव अलंकरण' से सम्मानित किया जाएगा। *मातृभाषा उन्नयन संस्थान* द्वारा *19 फरवरी* को *इंदौर* में आयोजित समारोह में अनेक महत्वपूर्ण साहित्यकार हिस्सा लेंगे।
मातृभाषा उन्नयन संस्थान के राष्ट्रीय अध्यक्ष *डॉ. अर्पण जैन 'अविचल'* ने बताया कि अलंकरण का यह चौथा वर्ष है। हिंदी के प्रचार और विस्तार के लिए 'मातृभाषा उन्नयन संस्थान' द्वारा प्रतिवर्ष दो हिंदी साधकों को 'हिंदी गौरव अलंकरण' से विभूषित किया जाता है। इस अलंकरण में चयनित विभूतियों की दो श्रेणी है, एक हिंदी साहित्य और दूसरी हिंदी पत्रकारिता। चयन समिति द्वारा वर्ष 2023 के लिए डॉ. भगवतीलाल राजपुरोहित के हिंदी साहित्य एवं प्रो. संजय द्विवेदी के हिंदी पत्रकारिता के क्षेत्र में दिये गए योगदान को रेखांकित करते हुए 'हिंदी गौरव अलंकरण' प्रदान किये जाने की घोषणा की गई है।
प्रो. संजय द्विवेदी देश के प्रख्यात पत्रकार, मीडिया प्राध्यापक, अकादमिक प्रबंधक एवं संचार विशेषज्ञ हैं। डेढ़ दशक से अधिक के अपने पत्रकारिता करियर के दौरान वह विभिन्न मीडिया संगठनों में महत्वपूर्ण जिम्मेदारियों का निर्वहन कर चुके हैं। प्रो. द्विवेदी माखनलाल चतुर्वेदी राष्ट्रीय पत्रकारिता एवं संचार विश्वविद्यालय, भोपाल के प्रभारी कुलपति भी रहे हैं। वह कुशाभाऊ ठाकरे पत्रकारिता एवं जनसंचार विश्वविद्यालय, रायपुर में पत्रकारिता विभाग के संस्थापक अध्यक्ष भी रह चुके हैं।
प्रो. द्विवेदी वर्तमान में भारतीय फिल्म एवं टेलीविजन संस्थान (एफटीआईआई), पुणे की सोसायटी एवं गवर्निंग काउंसिल के सदस्य हैं। वह महात्मा गांधी अंतरराष्ट्रीय हिंदी विश्वविद्यालय, वर्धा; विक्रम विश्वविद्यालय, उज्जैन; मौलाना आजाद राष्ट्रीय उर्दू विश्वविद्यालय, हैदराबाद एवं असम विश्वविद्यालय, सिलचर के 'बोर्ड ऑफ स्टडीज' के सदस्य हैं।
राजनीतिक, सामाजिक और मीडिया के मुद्दों पर उनके 3000 से ज्यादा लेख विभिन्न पत्र पत्रिकाओं में प्रकाशित हो चुके हैं। उन्होंने 32 पुस्तकों का लेखन एवं संपादन किया है। वह विश्वविद्यालय अनुदान आयोग (यूजीसी) द्वारा अनुमोदित शोध पत्रिकाओं 'कम्युनिकेटर' एवं 'संचार माध्यम' के प्रधान संपादक हैं। प्रो. द्विवेदी 'राजभाषा विमर्श' एवं 'संचार सृजन' के प्रधान संपादक तथा 'मीडिया विमर्श (त्रैमासिक)' के मानद सलाहकार संपादक भी हैं। मीडिया क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान के लिए उन्हें विभिन्न पुरस्कारों से सम्मानित किया गया है।
रवि अरोड़ा की नजर से.........
ताड़ने वालों की दुनिया / रवि अरोड़ा~
धीरेंद्र शास्त्री यानि बागेश्वर धाम सरकार का खेल समझने के लिए कई बार उसके वीडियो देखने की कोशिश की मगर हरबार पांच मिनट से ज्यादा झेल नहीं पाया। बाबा की फैंसी वेशभूषा, बात बात पर ताली बजाना और तरह तरह के खेल तमाशे तो जैसे तैसे बर्दाश्त कर भी लेता था मगर ज़हर में डूबी उसकी बातें कतई सहन नहीं हो पाती थीं। माना कि हम भारतीय हैं ही इस लायक कि कमअक्ल और हल्के वकार के लोग हमारे दिलों पर राज करें मगर फिर भी हमारी कमअक्ली की कोई परीक्षा ले, यह भी तो ठीक नहीं। वैसे मुझे यह बात पूरी तरह स्वीकार है कि समाज की कई सतह होती हैं और यहां हर तरह के विचार की पूरी गुंजाइश है। इसी का लाभ शास्त्री जैसे लोग लें तो क्या हैरानी है। गए ज़माने में नज़ीर अकबराबादी अपने आदमीनामा में समझा भी गए थे कि हर तरह का आदमी है यहां। इबादत करने वाला, उसकी जूती चुराने वाला और यहां तक कि उसको ताड़ने वाला सब आदमी ही तो हैं।
देखकर हैरानी हुई कि मात्र बारहवीं पास 26 साल के एक नए नए बाबा धीरेंद्र शास्त्री के यूट्यूब पर 37 लाख फालोअर हैं और फेसबुक पर भी 40 लाख लोग उससे जुड़े हुए हैं। बडे़ बड़े मंत्री संत्री बाबा के मुरीद हैं और बाबा के जिले छतरपुर का पूरा जिला प्रशासन बाबा की उंगलियों पर नाच रहा है। गांव के तालाब और श्मशान पर बाबा के लोगों का कब्जा है और इलाके में प्रॉपर्टी का खेल शुरू हो गया है। कुछ अरसा पहले साइकिल पर चलने वाला बाबा अब चार्टेड प्लेन और लंबी लंबी गाड़ियों के काफ़िले के साथ चलता है। बाबा भी प्रसिद्धि के सारे टोटके सीख गया है और सोशल मीडिया के सहारे घर घर पहुंच रहा है । उसके वीडियो तकनीकि रूप से समृद्ध लोग तैयार और पोस्ट कर रहे हैं। गूगल पर अपनी पहुंच बढ़ाने के सही कीवर्ड का इस्तेमाल और आकर्षक थंबनेल का भी भरपूर खयाल रखा जा रहा है। बाबा किसी कानूनी दांवपेंच में न फंसे इसकी भी निश्चित रूप से ट्रेनिग हो रही होगी और तमाम तरह की साम्प्रदायिक बातें अपनी प्रवचनों में करने के बावजूद बाबा को पता है कि क्या क्या स्पष्ट कहना है और क्या क्या इशारे इशारे में। बाबा की राजनीतिक समझ की भी दाद देनी पड़ेगी कि कांग्रेस से शुरू कर उसने बाद में भाजपा से अपनी पींगे बढ़ा लीं। बाबा को पता है कि केन्द्र और उसके कार्य क्षेत्र वाले राज्यों में जिस पार्टी की सरकार है, उसके साथ कदम ताल करने में ही भलाई है। यूं भी तमाम बाबाओं के लिए आज की तारीख में भाजपा से बेहतर भला और कौन सा राजनीतिक दल होगा ?
आपकी जानकारी के लिए मैं स्पष्ट कर दूं कि मुझे इस बाबा की बढ़त से कतई कोई दिक्कत नहीं है। मैंने तो पहले ही मान लिया है कि समाज की कई सतह होती ही हैं। मुझे तो परेशानी इस बात से है कि समाज की तमाम सतहों में अंधश्रद्धा निर्मूलन समिति के श्याम मानव जैसे लोग इतनी निचले पायदान पर क्यों हैं ? श्याम मानव वही हैं जिन्होंने बाबा के चमत्कारों को चुनौती दी थी और उन्हीं के डर कर बाबा नागपुर छोड़ कर भाग गया था। श्याम मानव पिछले चालीस साल से तार्किकता और विज्ञान की अलख दुनियाभर में जगा रहे हैं अब तक सैंकड़ों फर्जी बाबाओं का पर्दाफाश कर चुके हैं। देख कर हैरानी हुई कि श्याम मानव के फेसबुक मात्र 12 हज़ार फालोअर हैं और उनके यूट्यूब चैनल को भी मात्र 15 हजार लोगों ने अभी तक सबस्क्राइब किया है। श्याम मानव इकलौते ऐसे इंसान नहीं हैं। जादू टोने और चमत्कारों के नाम पर भोली भाली जनता को ठगने वाले फर्जी बाबाओं का पर्दाफाश करने वाले नरेंद्र दाभोलकर, गोविंद पानसरे, एमएम कलबुर्गी और गौरी लंकेश जैसे लोगों को भी हम भला उनकी हत्या से पहले कहां जानते थे । जनाब! इबादत करने वाले और उनकी जूतियां चुराने वालों को तो देख ही रहे हो मगर कुछ निगाहे करम श्याम मानव जैसे ताड़ने वालों पर भी हो जाए । आज के दौर में इनकी ज्यादा जरूरत है।
भारत
लेख संवाद पढ़ें अपुनरीक्षित बदलाव सम्पादित करें इतिहास देखें देखा गया भारत गणराज्य Republic of India ( अन्य क्षेत्रीय भाषाओं में देखें) ध...
-
Interesting facts about Television (in Hindi) टीवी की कहानी 1830 से अब तक... http://khirodhar.heck.i...
-
Wiki From Wikipedia, the free encyclopedia (Redirected from History of MediaWiki ) "MediaWiki namespace" redirects here. For h...